NEWS : नूतन स्पोर्ट्स क्लब के ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल कैंप का शुभारंभ, एक माह तक खिलाड़ियों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण, अनुशासन व फिटनेस पर रहेगा विशेष फोकस, पढ़े रेखा खाबिया की खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

चित्तौड़गढ़। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से नूतन स्पोर्ट्स क्लब, कलेक्ट्रेट के तत्वावधान में मंगलवार से निःशुल्क ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 25 मई से 25 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा वॉलीबॉल खेल की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

निःशुल्क प्रशिक्षण व्यवस्था
क्लब के वरिष्ठ कोच मनोहर खटीक ने बताया कि शिविर पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की प्रगति में बाधा न बने। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी जानकारी के साथ नियमित शारीरिक व्यायाम, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का अभ्यास कराया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।

उद्घाटन समारोह में अतिथियों का मार्गदर्शन
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि शराफत हुसैन एवं अध्यक्षता कर रहे मुकुल आचार्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मांगीलाल बाथरा एवं जयदीप सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिविर के कोच एल.एन. नीलमणि, हेमंत राव, पंकज टॉक, निशांत पुरोहित एवं राजू गहलोत सहित क्लब के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कोच हेमंत राव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पंकज टॉक ने व्यक्त किया।

खेल प्रतिभाओं को नई दिशा दे रहा है नूतन स्पोर्ट्स क्लब-
नूतन स्पोर्ट्स क्लब लंबे समय से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने एवं युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने का कार्य कर रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है। क्लब से जुड़े कई खिलाड़ियों ने जिला एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

क्लब का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को समान अवसर प्रदान करना तथा खेलों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त, अनुशासित और स्वस्थ समाज की ओर प्रेरित करना है। ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल शिविर को इसी दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

संबंधित खबरे