KHABAR : सेवादल फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का सातवां दिन संपन्न, कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा- स्पोर्ट्स को अपनाकर भी करियर बनाया जा सकता है, पढ़े खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
नीमच। डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में कांग्रेस सेवादल द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि नीमच की मिट्टी में फुटबॉल रचा-बसा है। यहां के कई खिलाड़ियों ने फुटबॉल को अपना लक्ष्य बनाकर रेलवे, नारकोटिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बैंक सहित विभिन्न संस्थानों में रोजगार प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ी लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें तो नीमच की धरती से भी रोनाल्डो, मेसी और पेले जैसे खिलाड़ी निकल सकते हैं।
कार्यक्रम में कामरेड किशोर जेवरिया, जीटो जिला अध्यक्ष रिंकू राठौर, कांग्रेस नेता हरीश दुआ, वर्धमान स्थानकवासी जैन समाज अध्यक्ष शंभू बम, हरीश उपाध्याय एवं अनिल विनायका उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा, विमल शर्मा, जावेद दुर्रानी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर, भुवान सिंह एवं श्रीराम शिवहरे ने किया।
कामरेड किशोर जेवरिया ने कहा कि नीमच ने कई प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। शंभू बम ने खिलाड़ियों को स्टेमिना और समर्पण का महत्व बताया। वहीं रिंकू राठौर ने कहा कि लड़कियों का भी प्रशिक्षण में भाग लेना नीमच के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। आभार प्रदर्शन श्रीराम शिवहरे ने किया।