KHABAR : अग्रवाल समाज के 15 दिवसीय जूडो-कराते एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन, बालक-बालिकाओं ने मार्शल आर्ट का किया शानदार प्रदर्शन, पढ़े खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

नीमच। अग्रवाल समाज के तत्वावधान में संचालित बाल संस्कार शाला द्वारा समाज के बालक-बालिकाओं के लिए आयोजित 15 दिवसीय जूडो, कराते एवं मार्शल आर्ट आत्मरक्षा प्रशिक्षण समर कैंप का समापन शनिवार को अग्रवाल पंचायत भवन, बारादरी में हुआ।

बाल संस्कार शाला की संयोजिका लता गर्ग एवं निर्मला अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 1 मई से 16 मई 2026 तक किया गया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर एक दिवसीय बाल कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों ने डफली के साथ गणेश वंदना, पियानो पर गायत्री मंत्र, लघु नाटिकाएं, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया।

2 मई से 16 मई तक प्रतिदिन सुबह 8.30 से 10 बजे तक बच्चों को जूडो, कराते एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के लिए नीमच के प्रशिक्षक भरतसिंह कुमावत (ब्लैक बेल्ट प्रथम डिग्री, मप्र टीम कोच एवं मार्शल आर्ट मास्टर ट्रेनर) तथा उनके सहयोगी जय कुमावत एवं खुबी देपन की सेवाएं ली गईं।

समापन समारोह में अग्रवाल समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिव विकास गोयल, कोषाध्यक्ष रघुनंदन गोयल, सह सचिव शैलेष गर्ग, मुकेश गर्ग, महिला उत्सव समिति संयोजक ममता गर्ग एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षिका वर्ग एवं बाल संस्कार शाला से जुड़े सदस्य भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने अग्रसेन स्तुति प्रस्तुत की। प्रशिक्षित बालक-बालिकाओं ने जूडो, कराते एवं मार्शल आर्ट के आकर्षक प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।

अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय अवकाश के दौरान बच्चों ने समय का सदुपयोग किया और मोबाइल से दूरी बनाकर आत्मरक्षा के गुर सीखे। यह प्रशिक्षण बच्चों को आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

समारोह में प्रशिक्षक भरतसिंह कुमावत एवं उनके सहयोगियों का सम्मान भी किया गया। अंत में लता गर्ग ने बाल संस्कार शाला का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा बच्चों को कविता के माध्यम से आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन सावित्री सिंघल एवं आभार प्रदर्शन ममता गर्ग द्वारा किया गया।

संबंधित खबरे