KHABAR : जिला ओपन तैराकी स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों का हुआ आयोजन, नीमच नगर पालिका स्विमिंग पूल में जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, चयनित खिलाड़ी रीवा स्टेट प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व, पढ़े खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
नीमच। नगरपालिका स्वीमिंग पूल (तरणताल) पर सोमवार को आयोजित जिला ओपन तैराकी स्पर्धा रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के माहौल में सम्पन्न हुई। नीमच जिला तैराकी संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर के उभरते तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के बालक एवं बालिका तैराकों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पानी में गति, संतुलन और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों एवं निर्णायकों की सराहना प्राप्त की।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तैराकों का चयन आगामी 30 मई से 3 जून तक रीवा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहां चयनित खिलाड़ी नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने नगर पालिका से अपेक्षा जताई कि स्विमिंग पूल के डाइविंग पूल की मरम्मत कर उसे पुनः शुरू किया जाए या उसे डिसमेंटल किया जाए तथा पूल की गहराई में लगभग 10 फीट की कमी की जाए, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ अनावश्यक व्यय भी कम होगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नपा कोच आयुष गौड़, सुधा सोलंकी, नीलेश घावरी, रोहित अहीर और अभिषेक अहीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान प्रकाश मंडवारिया, दिलीप डूंगरवाल, विष्णु मोदी, भगवती प्रसाद सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।