बड़वानी। जिले के खजुरी में चल रहे संत सिंगाजी महाराज के मेले में मंगलवार देर रात 12 से 15 चारपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गाड़ियों के कांच फोड़ दिए और बॉडी को भी नुकसान पहुंचाया। इससे श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। मेले में भीड़ ज्यादा होने के कारण प्रशासन की पार्किंग भर गई थी। इस वजह से कई श्रद्धालुओं ने अपने वाहन गांव के अंदर एक खाली मैदान और सड़क किनारे खड़े किए थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अज्ञात लोगों ने पत्थरों और लाठियों से इन वाहनों को निशाना बनाया। जब श्रद्धालु लौटे तो उन्होंने अपनी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त पाया। राजपुर निवासी शुभम आवासे ने बताया कि उनकी गाड़ी के भी कांच फूटे थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है।