नीमच। अवैध शराब के संग्रहण, निर्माण, विक्रय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए 31 अक्टूबर 2026 को नीमच आबकारी विभाग की टीम ने जिलेभर में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से 550 किलोग्राम लहान, 3 लीटर हाथ भट्टी शराब और 2.7 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 56 हजार रुपये बताया गया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त जावद के ग्राम आंकली, बावल और मौड़ी में कार्रवाई की। वहीं, वृत्त नीमच पश्चिम के ग्राम जीरण और चिताखेड़ा तथा वृत्त सिंगोली के लक्ष्मीपुरा और आंबानाका में भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
इसके अलावा नीमच-महू हाईवे पर स्थित होटल और ढाबों पर भी संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। इनमें सांवलिया ढाबा, कालिका ढाबा, विपुल बना का ढाबा, 24×7 रेस्टोरेंट, होटल रजवाड़ी, जय मां अम्बे ढाबा और नीमच रॉयल फैमिली ढाबा शामिल रहे।
इसी क्रम में मंदसौर-मनासा रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच भी की गई। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना है।