नीमच। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर नीमच के स्थानीय टाउन हॉल में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, एडीएम बी.एस. क्लेश, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन भी समारोह में शामिल हुए।
स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की विकास गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनियां लगाई गईं। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रदेश के गौरव, विकास और उपलब्धियों पर केंद्रित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, स्वयंसेवियों, खिलाड़ियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। पूरे आयोजन में मध्यप्रदेश के गौरव, विकास और उपलब्धियों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।