चित्तौड़गढ़। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार दिनांक 01 से 07 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे *BRICS Sustainable Lifestyle Week* के तहत आज चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा उद्घाटन, शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
मोटरसाइकिल रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर रोडवेज बस स्टैंड,सुभाष चौक, प्राइवेट बस स्टैंड एवं सेतु मार्ग होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। अभियान के तहत ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा BRICS Sustainable Lifestyle Week के तहत 07 नवंबर तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।