पोलायकलां। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर परिषद पोलायकलां परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार, सीएमओ भगवान सिंह भिलाला एवं पार्षदों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत माता तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार ने मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के साथ नगर पोलायकलां भी विकास के पथ पर अग्रसर है। नगर में हो रहे विकास कार्य यहां के नागरिकों के सहयोग और सहभागिता का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
कार्यक्रम के दौरान यह बात भी चर्चा का विषय रही कि स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर कुछ पार्षदों ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। जबकि यह नगर परिषद का प्रशासनिक कार्यक्रम था, जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित थी।
इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।