माउंट आबू। दीपावली के बंपर पर्यटन सीजन को देखते हुए माउंट आबू नगर पालिका ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष पहल शुरू की है। आज से नक्की झील बाजार क्षेत्र को शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक नो व्हीकल जोन घोषित कर इसकी शुरुआत कर दी गई है।
इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और पर्यटकों से संवाद करते हुए अपील की कि शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक अपने टू व्हीलर और कार लेकर नक्की झील बाजार क्षेत्र में प्रवेश न करें।
उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक माउंट आबू पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार में वाहनों की आवाजाही के कारण पैदल घूमने वाले पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि पर्यटक आराम से बाजार में घूम सकेंगे तो व्यापारियों के व्यवसाय को भी फायदा मिलेगा और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी।
पार्किंग के लिए किए जा रहे विशेष इंतजाम
नगर पालिका द्वारा टू व्हीलर पार्किंग के लिए गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा अन्य स्थानों को भी पार्किंग के लिए चिह्नित किया जा रहा है।
दीपावली पर उमड़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पोलो ग्राउंड में भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं अशोक वाटिका, सनसेट रोड स्थित कार पार्किंग में पर्यटक अपनी कार एवं बड़े वाहन खड़े कर सकेंगे। नक्की झील के समीप किचन गार्डन पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष की पर्यटकों और शहरवासियों से अपील
सुनील आचार्य ने कहा कि आजकल लोग छोटी-छोटी दूरी के लिए भी वाहन का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं, लेकिन शहर की बेहतर व्यवस्था और अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए हमें अपनी कुछ आदतों में बदलाव करना होगा।
उन्होंने माउंट आबू के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से भी इस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यटक माउंट आबू घूमने आते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर वातावरण, सुगम यातायात और सुरक्षित बाजार उपलब्ध करवाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
दीपावली के इस बड़े पर्यटन सीजन में पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं और स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।