नीमच। केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। गांधी भवन से शुरू हुई रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए प्लैटिनम चौराहे पहुंचे। यहां पुलिस ने पुतला दहन रोकने के लिए पानी से भरी बाल्टियां डालने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
तरुण बाहेती ने भाजपा नेतृत्व से मांगा जवाब
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने जेफ्री एपस्टीन प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों में हरदीप सिंह पुरी के साथ सामने आई कथित तस्वीरों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादों के बीच पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना प्रदेश की जनता का अपमान है। बाहेती ने भाजपा नेतृत्व से इस मामले में जवाब देने और पुरी की उम्मीदवारी वापस लेने की मांग की।
पुलिस ने रोकने का किया प्रयास
गांधी भवन से प्लैटिनम चौराहे तक निकली रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। चौराहे पर पुलिस ने पुतला दहन रोकने के लिए पानी डालकर प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि हरदीप सिंह पुरी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।