नीमच। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर 'एकता दौड़-रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं, युवाओं, खिलाड़ियों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
विधायक और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
एकता दौड़ का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम नीमच से हुआ। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। दौड़ पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, कमल चौक और सब्जी मंडी तिराहा होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान प्रतिभागियों में राष्ट्रीय एकता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
विधायक परिहार ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार ने उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता और सद्भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को बनाए रखने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाती गौरव चौपड़ा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, विद्यार्थी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
कलेक्टर और एसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिलाई शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय नीमच में भी विशेष शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कार्यालयीन स्टाफ को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की एकता और सद्भावना को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता को मजबूत करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए समाज को एकजुटता, सद्भावना और अखंड भारत का संदेश दिया गया।