चित्तौड़गढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत जिला मुख्यालय पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। सांसद सीपी जोशी, जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
कलेक्ट्रेट से सुभाष चौक तक निकली दौड़ में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
समापन अवसर पर आईएस रविन्द्र मेघवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। प्रशिक्षु आईएएस मुद्रा ने उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने नशा मुक्ति का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़ एवं राजलक्ष्मी गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव, गौरव त्यागी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा तथा जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, कॉलेज शिक्षा विभाग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी निभाई।