गरोठ। हाईवे पर बढ़ते दुर्घटना के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने गरोठ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ढाबों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश तथा एसडीएम राहुल चौहान और एसडीओपी विजय यादव के मार्गदर्शन में गरोठ, भानपुरा और शामगढ़ तहसील क्षेत्रों में 8 लेन और 4 लेन हाईवे पर नेशनल हाईवे (NH) की सीमा यानी राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
हाईवे पर अवैध मिडकट से हादसों का खतरा
प्रशासन के अनुसार, हाईवे किनारे कुछ ढाबा संचालकों द्वारा अवैध रूप से मिडकट बना लिए गए हैं। इन रास्तों से वाहनों की आवाजाही के कारण ट्रक और चार पहिया वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
राजस्व, पुलिस और NH की संयुक्त कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग, पुलिस और नेशनल हाईवे के अधिकारी संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। अवैध ढाबों और हाईवे की सीमा में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के साथ प्रतिबंधात्मक कदम भी उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, दुर्घटनाओं के खतरे को कम करना और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हाईवे किनारे अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संबंधित क्षेत्रों में कार्रवाई जारी है।