गरोठ। नगर में सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद गरोठ द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत परिषद की टीम ने नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाया।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद की टीम ने लगातार दो दिनों तक नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर दुकानदारों को समझाइश दी थी। साथ ही प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमण को स्वयं हटाने के निर्देश भी दिए गए थे।
इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए अतिक्रमण नहीं हटाया। इस पर नगर परिषद की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाया।
नगर परिषद ने सभी दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग दें।
परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार दोबारा अतिक्रमण करता है या हटाए गए अतिक्रमण को फिर से स्थापित करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।