खनियांधाना। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बामोरकलां में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ एक रिटायर्ड शिक्षक को डिजिटल ठगों ने अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए पार कर दिए। पीड़ित रिटायर्ड शिक्षक कैलाश नारायण सोनी ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था। स्कैमर्स ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए कार्ड बनवाने व सरकारी सुविधाओं का झांसा दिया।
विश्वास में लेकर ठगों ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक APK फाइल डाउनलोड करवा ली, जिससे उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद शातिर हैकरों ने Yono SBI ऐप के जरिए उनके एसबीआई खाते से अवैध रूप से 3,40,000/- रुपए ट्रांसफर कर लिए, जिसकी जानकारी उन्हें बैंक के मैसेज से मिली। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने अपने बेटे के साथ खनियांधाना स्टेट बैंक पहुंचकर अपना खाता ब्लॉक कराया और तुरंत शिवपुरी साइबर सेल व बामोरकलां थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जहाँ पुलिस मामले की जांच कर रही है।