झाबुआ। पुलिस लाइन झाबुआ में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर के महाविद्यालयों में इस अभियान का आयोजन किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को कानूनी जागरूकता, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे से दूरी और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
इस अभियान का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें समाज का सजग और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है, ताकि वे अपने घर, परिवार, कॉलेज और समाज में अन्य लोगों को भी सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक कर सकें।
इसी क्रम में झाबुआ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिलेभर में वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को थानों में ड्यूटी ऑफिसर की कार्यप्रणाली, एचसीएम (प्रधान आरक्षक मोहर्रिर) के कार्य, सीसीटीएनएस प्रणाली, वायरलेस सेट, बंदीगृह, डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और पुलिस की विभिन्न कार्यप्रणालियों से भी अवगत कराया गया। झाबुआ पुलिस द्वारा अभियान के तहत कुल 15 कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 3,277 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि जन सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। सुरक्षित समाज का निर्माण तभी संभव है, जब आमजन, विशेषकर युवा वर्ग जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और सीख को दैनिक जीवन में अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में स्वयं, परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं कर्तव्यबोध विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
समापन अवसर पर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले शिक्षकों, मास्टर ट्रेनरों, पुलिस अधिकारियों और छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, एसडीओपी झाबुआ मोनिका सिंह, एसडीओपी पेटलावद अनुरक्ती साबनानी, उप पुलिस अधीक्षक अजाक कमलेश शर्मा, रक्षित निरीक्षक अखिलेश राय, रक्षा सखी टीम प्रभारी अनीता तोमर, उदय संस्थान एवं रोटरी क्लब के सदस्य, रानी दुर्गावती छात्रावास झाबुआ, शासकीय कॉलेज और सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।