रतनगढ़। नगर में मंगलवार शाम एक तेल की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे तेल के डिब्बे और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह दुकान डीकेन निवासी उमेश पाटीदार की है। मंगलवार शाम अचानक दुकान से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। दुकान में तेल के डिब्बे रखे होने के कारण आग की लपटें और तेज हो गईं, जिससे दुकान में रखा सामान जलने लगा।
40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू-
घटना की सूचना मिलने पर रतनगढ़ और डीकेन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 40 मिनट तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। समय रहते दमकल की गाड़ियां पहुंचने से आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
रतनगढ़ थाना प्रभारी भूरालाल भाभर ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।