उज्जैन । उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील की छोटी कालीसिंध नदी पर सामाकोटा डेम एवं प्रेशराईज्ड सिंचाई योजना के निर्माण होने के बाद 14 ग्राम लाभान्वित होंगे। इसी तरह शिप्रा नदी पर बनी (हरबाखेड़ी) बैराज एवं प्रेशराईज्ड सिंचाई योजना के निर्माण हो जाने पर नौ ग्राम लाभान्वित होंगे। सामाकोटा बैराज परियोजना के निर्माण कार्य 24 माह में पूर्ण किया जायेगा। इसी तरह बनी (हरबाखेड़ी) परियोजना का कार्य 18 माह में पूर्ण होगा। सामाकोटा बैराज की अनुमानित लागत 188.42 करोड़ और शिप्रा नदी पर बनी (हरबाखेड़ी) बैराज के निर्माण की लागत 120.36 करोड़ रुपये होगी। सामाकोटा बैराज के पूर्ण होने पर क्षेत्र के 14 ग्रामों के किसानों की लगभग आठ हजार हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई हो सकेगी। इसी तरह बनी परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के नौ ग्रामों के किसानों की 3050 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई हो सकेगी। इसी तरह छोटी कालीसिंध नदी पर पुल का निर्माण कार्य भी किया जायेगा, जिसकी लागत 11.88 करोड़ रुपये होगी।
उल्लेखनीय है कि उक्त कार्यों का शिलान्यास 23 फरवरी को महिदपुर में विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। इस आशय की जानकारी जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री कमल कुवाल ने दी।