उज्जैन। प्रसिद्ध गुजराती गायिका किंजल दवे और फिल्म अभिनेत्री मोनल गज्जर ने रविवार तड़के उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती में भाग लिया। उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोनों कलाकार सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं और नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती में शामिल रहीं। इस दौरान वे भगवान महाकाल का जाप करती नजर आईं। उन्होंने नंदी महाराज का पूजन कर अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं।
भस्म आरती के बाद किंजल दवे और मोनल गज्जर ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर किंजल दवे ने बताया कि यह लगभग दो महीने में उनका दूसरा महाकाल दर्शन है। उन्होंने कहा, ष्बाबा महाकाल ने मुझे दोबारा बुलाया है, इसके लिए मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हूं और सभी का धन्यवाद करती हूं।ष्
मोनल गज्जर एक भारतीय अभिनेत्री और मॉडल हैं, जो मुख्य रूप से गुजराती और तेलुगु फिल्मों में सक्रिय हैं। वह इससे पहले 08 अप्रैल को भी महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ चुकी हैं। दर्शन के दौरान दोनों कलाकार बेहद सरल और श्रद्धामय भाव में दिखीं।