मंदसौर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम डिगांवमाली स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कला, संस्कृति एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की भावना व्यक्त की गई।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत डिगांवमाली के सरपंच प्रतिनिधि दशरथ सिंह आंजना, वरिष्ठ नेता रघुनाथ सिंह आंजना, मंडल मंत्री मानसिंह आंजना, जसवंत सिंह आंजना, विद्यालय के प्राचार्य गणेशराम ढोचावत, शिक्षकगण, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।