मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश पर जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा राजस्व विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जग्गाखेड़ी स्थित मयूर नमकीन प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
एसडीएम शुभम पाटीदार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में स्वच्छता मानकों के विपरीत परिस्थितियां पाई गईं। नमकीन निर्माण में उपयोग किए जाने वाले उपकरण जंग लगे मिले। साथ ही प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
इन अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने मौके पर ही प्रतिष्ठान को सील कर दिया। कार्रवाई तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जादौन एवं पटवारी की टीम द्वारा की गई।
एसडीएम ने बताया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।