नीमच। शहर के सीआरपीएफ रोड और बंगला नंबर 41-42 क्षेत्र में संचालित मांस एवं अंडे की दुकानों को लेकर सोमवार को सर्व हिंदू समाज और स्थानीय रहवासी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। रहवासियों ने दुकानों के संचालन से क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ रही समस्याओं को लेकर नारेबाजी की और नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
7-8 दुकानों पर कार्रवाई की मांग-
ज्ञापन में रहवासियों ने आरोप लगाया कि सीआरपीएफ रोड और बंगला नंबर 41-42 क्षेत्र में ‘चिकन पैलेस’, ‘द अरब ग्रिल एंड रोस्टेड’, ‘रोक्सी एग्ज सेंटर’, ‘राजा मुर्गा चिकन सेंटर’ सहित करीब 7-8 अन्य दुकानों पर मांस और अंडे बेचे जा रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ स्थानों पर फुटपाथ पर ग्राहकों को बैठाकर मांसाहार कराया जाता है। दुकानों के बाहर वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने से यातायात प्रभावित होने का भी आरोप लगाया गया।
रहवासियों का आरोप है कि मांसाहार के अवशेषों के कारण क्षेत्र में आवारा कुत्तों और मवेशियों की आवाजाही बढ़ गई है। उनका यह भी आरोप है कि कुछ ग्राहक नशे की हालत में स्थानीय लोगों और राहगीर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार एवं अश्लील टिप्पणियां करते हैं, जिससे क्षेत्र में विवाद की स्थिति बनती रहती है।
गणेश पंडालों के पास दुकानें होने पर जताई आपत्ति-
स्थानीय नागरिकों ने ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में शाकाहारी परिवार निवास करते हैं। वर्तमान में गणेश उत्सव के चलते सीआरपीएफ रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में गणेश पंडाल लगाए गए हैं। रहवासियों का आरोप है कि पंडालों के आसपास भी मांस और अंडे की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी-
रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नियमों के विरुद्ध संचालित दुकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा रिहायशी क्षेत्र से ऐसी दुकानों को हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो सर्व हिंदू समाज और स्थानीय रहवासी बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।