चित्तौड़गढ़। जिले में नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया सोमवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई। जिले की सातों नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित किए गए। इनमें पांच निकायों में भाजपा और दो निकायों में कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। निंबाहेड़ा नगर परिषद में अध्यक्ष पद का निर्वाचन पूर्व में ही निर्विरोध सम्पन्न हो चुका था, जबकि सोमवार को शेष छह नगरीय निकायों में मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई।
निंबाहेड़ा नगर परिषद में श्रीमती शिल्पा भूतड़ा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में भाजपा प्रत्याशी अनिल ईनाणी ने 60 में से 36 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद हासिल किया। बड़ीसादड़ी नगरपालिका में कांग्रेस प्रत्याशी ममता ने 25 में से 13 मत प्राप्त किए। कपासन नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी सरोज देवी को 25 में से 16 मत मिले।
रावतभाटा नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी अनुसुइया नागर ने 40 में से 22 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। बेगूं नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी गरिमा शर्मा को 35 में से 24 मत मिले। वहीं, आकोला नगरपालिका में कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चंद्र ने 20 में से 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।
मतदान और मतगणना के लिए व्यापक व्यवस्थाएं-
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मतदान एवं मतगणना निर्धारित व्यवस्थाओं के तहत सम्पन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतदान केंद्रों, निर्वाचन स्थलों एवं मतगणना केंद्रों पर आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्मिकों ने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।