चित्तौड़गढ़। खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। यह बात सांसद सीपी जोशी ने रविवार को ग्राम मेड़ी का अमराणा में आयोजित 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की 70वीं जिला स्तरीय चार दिवसीय फुटबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ सकारात्मक सोच, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विकास तथा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मिठुलाल जाट, सावा मंडल अध्यक्ष अनिल सुखवाल, एसीबीईओ सुनीता शर्मा, शैतान सिंह चूंडावत, लीला शंकर सिंह एवं आदित्य सीमेंट के सीएसओ धीरेंद्र सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
800 खिलाड़ी कर रहे प्रतिभा का प्रदर्शन-
मुख्य निर्णायक देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मेड़ी का अमराणा के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में फुटबॉल छात्र वर्ग में 27 तथा छात्रा वर्ग में 14 टीमें भाग ले रही हैं। वहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता में करीब 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दोनों प्रतियोगिताओं में कुल करीब 800 छात्र-छात्राएं चार दिनों तक अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि सांसद सीपी जोशी, कार्यक्रम अध्यक्ष विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित अतिथियों का विद्यालय स्टाफ ने माल्यार्पण एवं मेवाड़ी पाग पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों को अनुशासन एवं टीम भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई तथा अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक पारस टेलर ने किया। इस अवसर पर नरेश जाट, कुकाराम डांगी, अजय चौधरी, राजमल डांगी, पप्पूलाल डांगी, राधेश्याम डांगी, प्रहलाद सिंह चौहान, भारत सिंह चूंडावत, मदन सिंह चूंडावत, राजेंद्र सिंह, प्रहलाद गुर्जर, प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।