नीमच। ज्ञानोदय यूनिवर्सिटी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। फार्मेसी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक थीम पर आधारित गीत, संगीत, नृत्य एवं आकर्षक Cultural Walk प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बनाया। विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मक प्रस्तुतियों से विश्वविद्यालय परिसर उत्सवमय नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं विश्वविद्यालय परिवार की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपराओं, आधुनिकता एवं युवा ऊर्जा का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चेयरमैन अनिल चौरसिया, चांसलर डॉ. माधुरी चौरसिया, ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की डायरेक्टर डॉ. गरिमा चौरसिया, वाइस चांसलर डॉ. डी.एल. आहिर, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. प्रशांत शर्मा एवं रजिस्ट्रार हेमंत प्रजापति उपस्थित रहे।
इसके अलावा समाजसेवी जम्बूकुमार जैन, डॉ. आदित्य भंडारी, डॉ. आशुतोष रस्तोगी, श्रीमती संगीता शर्मा, श्रीमती सुषमा चौरसिया, श्रीमती भारती एवं श्रीमती शोभा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। Cultural Walk के निर्णायक के रूप में डॉ. ऋषभ नाहटा एवं श्रीमती नेहा शर्मा मौजूद रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
चांसलर डॉ. माधुरी चौरसिया ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा को पहचानने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
वाइस चांसलर डॉ. डी.एल. आहिर ने कहा कि फ्रेशर्स पार्टी विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को अपनाने का आह्वान किया।
समाजसेवी जम्बूकुमार जैन ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए युवा शक्ति को समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण बताया। वहीं डॉ. आदित्य भंडारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और उपलब्ध अवसरों का आत्मविश्वास के साथ लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
Cultural Walk रहा मुख्य आकर्षण
फ्रेशर्स पार्टी में Cultural Walk विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। फार्मेसी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक परिधानों एवं थीम के साथ रैंप वॉक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की वेशभूषा, प्रस्तुति शैली, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
निर्णायक डॉ. ऋषभ नाहटा एवं श्रीमती नेहा शर्मा ने विभिन्न मानदंडों के आधार पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। इसके बाद विभिन्न विभागों से Mr. Freshers एवं Ms. Freshers का चयन किया गया।
नर्सिंग विभाग से Mr. Freshers शिवम एवं Ms. Freshers मीनाक्षी, पैरामेडिकल विभाग से Mr. Freshers रोनक एवं Ms. Freshers अंकिता, जबकि फार्मेसी विभाग से Mr. Freshers हरिओम एवं Ms. Freshers निकिता झंवर चुने गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
Research & Innovation के लिए साक्षी शर्मा सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानोदय इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की छात्रा साक्षी शर्मा को Research & Innovation के क्षेत्र में योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शोध, नवाचार एवं रचनात्मक सोच के लिए प्रोत्साहित किया गया।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान फार्मेसी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों ने एकल एवं समूह नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, विभिन्न राज्यों की परंपराओं एवं आधुनिक युवा संस्कृति की झलक देखने को मिली। संगीत की धुनों और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
आयोजन में टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अर्जुन परमार, प्रो. अंजलि पाटीदार, डॉ. सिमरन छप्परवाल एवं श्रीमती प्रेरणा चावड़ा ने किया। विद्यार्थियों में मयंक कुमार, मेघा बासेर, महिमा दांगी, निकिता जगताप एवं अर्पिता माली ने भी संचालन में सहयोग दिया।
फ्रेशर्स पार्टी की योजना, समन्वय एवं कार्यक्रम व्यवस्था में फार्मेसी विभाग के डॉ. वैभव वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वय में कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया गया।
प्राचार्यों ने दी शुभकामनाएं-
समापन अवसर पर फार्मेसी विभाग के प्राचार्य डॉ. मंगल सिंह पंवार एवं नर्सिंग विभाग की प्राचार्य श्रीमती कविता सेम ने विद्यार्थियों, अतिथियों एवं आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य की कामना की।
वहीं पैरामेडिकल विभाग की प्राचार्य डॉ. चंचल पांचाल ने अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, प्राचार्यों, शिक्षकगण, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ज्ञानोदय यूनिवर्सिटी में आयोजित फ्रेशर्स पार्टी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए उत्साह, उमंग, संस्कृति, प्रतिभा एवं नए अनुभवों से भरी शुरुआत रही। आयोजन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास, शोध एवं नवाचार के लिए मंच प्रदान किया गया।