भाटखेड़ी। भादवी छठ के पावन अवसर पर गुरुवार को भाटखेड़ी गांव में भगवान देवनारायण का भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत कुंड (चालार का देवरा) से हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की धुन और भगवान देवनारायण के जयकारों के बीच जुलूस गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
जुलूस के दौरान नागदा से आए अखाड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अखाड़े में पहलवानों ने पारंपरिक दांव-पेंच और विभिन्न हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। पहलवानों के प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे और तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
जुलूस में श्रद्धालु भगवान देवनारायण के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया। आयोजन को लेकर युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
भादवी छठ के इस धार्मिक आयोजन में आस्था, परंपरा और अखाड़े की कला का अनोखा संगम देखने को मिला। पूरे गांव में दिनभर उत्साह और धार्मिक माहौल बना रहा।