नीमच। डीकेन चौकी क्षेत्र के सुठोली रामनगर गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर में मां के साथ पलंग पर सो रहे सात माह के मासूम को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सुठोली रामनगर निवासी श्यामलाल बंजारा का सात माह का बेटा दिव्यांश मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मां के साथ पलंग पर सो रहा था। इसी दौरान कमरे में घुसे सांप ने बच्चे को डस लिया। बच्चे के रोने पर मां ने इसे सामान्य बात समझकर उसे दूध पिलाया और फिर सुला दिया। कुछ देर बाद सांप ने बच्चे को दोबारा डस लिया।
भागते सांप के मां से छूकर गुजरने पर हुआ अहसास-
दूसरी बार सांप के डसने पर बच्चा फिर रोने लगा। इसी दौरान सांप कमरे से बाहर निकलने लगा और मां के हाथ से छूकर गुजर गया। तब मां को कमरे में सांप होने और बच्चे को डसने की जानकारी हुई। परिजन आनन-फानन में मासूम को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
करीब 10 घंटे तक उपचार चलने के बाद मासूम दिव्यांश ने दोपहर करीब 3 बजे दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।