नीमच। दीपावली के मद्देनजर नीमच में पटाखा बाजार लगाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगर पालिका ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में लगने वाले पटाखा बाजार की 105 दुकानों का आवंटन कर दिया है। मंगलवार को अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से लाइसेंसधारी व्यापारियों को दुकानें आवंटित की गईं। पटाखा बाजार बुधवार से शुरू होगा।
दरअसल, दुकानों का आवंटन पहले सोमवार को किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन व्यापारियों के लाइसेंस जारी होने में देरी के कारण प्रक्रिया एक दिन आगे बढ़ानी पड़ी। इसके बाद मंगलवार को लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया गया।
लॉटरी से पारदर्शी तरीके से हुआ आवंटन-
हर साल की तरह इस बार भी शहर का मुख्य पटाखा बाजार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में लगाया जा रहा है। दीपावली के दौरान यहां जिलेभर से लोग पटाखों की खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। बाजार में आतिशबाजी का करोड़ों रुपये का कारोबार होने की संभावना रहती है।
नगर पालिका के राजस्व अधिकारी ने बताया कि दुकानों का आवंटन पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से लॉटरी प्रक्रिया के जरिए किया गया है।
सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैनात रहेगी फायर ब्रिगेड-
पटाखा बाजार में आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पालिका ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। बाजार परिसर में 24 घंटे फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर रेत से भरी बाल्टियां और अग्निशामक यंत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित दुकानदार का लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।