मंदसौर। दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। यह व्यवस्था 5 से 8 नवंबर तक लागू रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में ऑटो रिक्शा, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, दोपहिया वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
सुबह 10 से रात 9 बजे तक प्रतिबंध-
यातायात पुलिस के अनुसार, कालिदास मार्ग, घंटाघर और सदर बाजार क्षेत्र में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक ऑटो रिक्शा, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। भारत माता चौराहा, अर्जुन चाट दुकान, परंपरा ज्वेलर्स, शुक्ला चौक, जगतपुरा चौराहा, प्रतापगढ़ पुलिया और कालिका माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों से सदर बाजार, सम्राट मार्केट और कालिदास मार्ग की ओर जाने वाले इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
छोटे पिकअप वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार मिलेगी अनुमति-
व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुकानों पर माल पहुंचाने वाले छोटे पिकअप वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों पर माल की अनलोडिंग सुबह 10 बजे से पहले या रात 9 बजे के बाद करवाएं, ताकि बाजारों में यातायात बाधित न हो।
कालाखेत मैदान और प्रतापगढ़ पुलिया के पास पार्किंग-
बाजारों में आने वाले नागरिकों के वाहनों की पार्किंग के लिए कालाखेत मैदान और प्रतापगढ़ पुलिया के पास स्थित खाली मैदान निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मुख्य बाजारों में बड़े वाहनों का उपयोग न करें और दुकानों के सामने दोपहिया वाहन खड़े करने से बचें।
यातायात पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और दीपावली के दौरान बाजारों में सुचारु आवागमन बनाए रखने में सहयोग करें।