नीमच। जिले में अक्टूबर 2026 माह के खाद्यान्न वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 5 नवंबर 2026 कर दी गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है, जिससे अब तक राशन प्राप्त नहीं कर सके पात्र परिवारों को अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अक्टूबर माह का राशन प्राप्त करने से शेष रहे 11,468 पात्र परिवार इस बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ ले सकेंगे। ये सभी हितग्राही अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5 नवंबर तक अक्टूबर माह का निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने शेष सभी पात्र हितग्राही परिवारों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपनी उचित मूल्य दुकान पर पहुंचकर राशन प्राप्त कर लें, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न के लाभ से वंचित न रहना पड़े।