भानपुरा। मंदसौर जिले के भानपुरा क्षेत्र के लौटखेड़ी गांव में मंगलवार रात संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य लोग लौटखेड़ी चौराहे पर एकत्रित हुए और घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने चौराहे पर जाम लगा दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भानपुरा थाना प्रभारी विनय बौंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए मोर्चा संभाला और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। लोगों ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी उठाई।
फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।