नीमच। नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स, 10 किलो 610 ग्राम डोडाचूरा, एक ब्रेजा कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 21 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मनासा नाका पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान ब्रेजा कार क्रमांक एमपी 44 जेडडी 3819 की तलाशी लेने पर उसमें से एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार श्रवण पिता दुर्गालाल सुरावत (42), निवासी ग्राम रायसिंहपुरा और मुबिन पिता रशीद मंसुरी (39), निवासी राजीव नगर, नीमच को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से जब्त मादक पदार्थों के स्रोत के संबंध में पूछताछ और जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सागरिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में नीमच सिटी पुलिस टीम और साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।