चित्तौड़गढ़, 28 अक्टूबर। चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने जयपुर के जवाहर सर्किल थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे 5,000 के इनामी आरोपी युवराज सिंह को गिरफ्तार करवाने में सफलता हासिल की है। आरोपी धार, मध्यप्रदेश के पास एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करने की आड़ में फरारी काट रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डीएसटी और जयपुर के जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी के प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपी युवराज सिंह को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवराज सिंह पुत्र पदम सिंह, जाति राजपूत, निवासी धोरड़िया, नगरी, थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़, जयपुर के जवाहर सर्किल थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में वांछित था। उस पर 5,000 का इनाम घोषित था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मध्यप्रदेश के धार के पास स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में काम कर रहा है और इसी की आड़ में फरारी काट रहा है। सूचना के आधार पर डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार और कांस्टेबल कृष्णकांत से मिली जानकारी के बाद जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की गई, जिसके बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
डीएसटी की ओर से एएसआई सूरज कुमार (प्रभारी), कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, मनोज और रमेश शामिल रहे। वहीं, जवाहर सर्किल थाना, जयपुर पूर्व की टीम में एएसआई सेठाराम, हेड कांस्टेबल संजय राठौड़ तथा कांस्टेबल शैलेन्द्र, मुकेश और आशीष शामिल रहे।