गरोठ-शामगढ़। नकली दूध बनाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कृष्णपाल सिंह पिता बद्री सिंह सौंधिया राजपूत और शिवराज सिंह पिता बद्री सिंह, निवासी ग्राम डुंगरखेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के घर और बाड़े से नकली दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री में मिल्क पाउडर, वनस्पति, यूरिया सहित अन्य सामान शामिल हैं।
मिल्क पाउडर से लेकर मशीनों तक सामग्री जब्त-
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में 25 किलोग्राम पैकिंग वाले मिल्क पाउडर के 6 कट्टे, 15 लीटर क्षमता वाले वनस्पति के 5 टीन, 14 खाली टीन के डिब्बे, एक इलेक्ट्रॉनिक फिल्टर मिक्सर मशीन, एक गैस भट्ठा, एचपी कंपनी का एक गैस सिलेंडर और यूरिया के 4 कट्टे शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने एक डीप फ्रीजर, एक स्टील की कोठी, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, पानी की मोटर और 40 लीटर की एक प्लास्टिक केन भी जब्त की है। इस केन में लिक्विड सोप भरा हुआ था। साथ ही, दूध भरने वाली 10 खाली प्लास्टिक केन और दूध की जांच करने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी जब्त की गई हैं।
मामले की जांच जारी-
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जब्त सामग्री को कब्जे में ले लिया है। मामले में कथित रूप से नकली दूध बनाने और इससे जुड़ी गतिविधियों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।