शामगढ़। शामगढ़ नगर में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा लिखी तीन पर्चियां और कुल 6,805 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र के मार्गदर्शन में एसआई ओ.पी. राठौर और पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे रेलवे स्टेशन रोड स्थित कुशाभाऊ बस स्टैंड के पीछे दबिश दी। यहां कथित तौर पर सट्टे के अंक लिखकर अवैध लाभ कमाने की गतिविधि में शामिल आरोपियों को पकड़ा गया।
ये सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सन्नी पिता रमेश हरिजन, फय्युम पिता छोटा खान, ओम पंजाबी, अमजद, संतोष पाल और लखन खरे शामिल हैं। ये सभी शामगढ़ निवासी बताए गए हैं। वहीं, दूसरी कार्रवाई में ग्राम सगोरिया निवासी 40 वर्षीय हीरालाल पिता भेरूलाल धोबी को भी गिरफ्तार किया गया।
सट्टा पर्चियां और नकदी जब्त
एसआई ओ.पी. राठौर के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन सट्टा लिखी हुई पर्चियां और कुल 6,805 रुपये नकद जब्त किए। इसमें एक कार्रवाई से 6,430 रुपये और दूसरी कार्रवाई से 375 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ धारा 4(क) पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि नगर में अवैध सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।