नीमच। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार चल रहे कुल 15 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन साल से फरार चल रहा 10 हजार रुपये का इनामी आरोपी राजस्थान के बाड़मेर जिले से पकड़ा गया, जबकि 5 हजार रुपये का इनामी दूसरा आरोपी नीमच से गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा नीमच सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में की गई।
राजस्थान और नीमच से हुई गिरफ्तारियां-
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हेमाराम जाट पिता रेखाराम जाणी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम जाटों का बेरा, थाना बाखासर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) शामिल है। हेमाराम एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पिछले तीन साल से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने उसे बाड़मेर से गिरफ्तार किया।
वहीं, दूसरे आरोपी जफर हुसैन उर्फ भान्जा पिता नाहर खां, उम्र 26 वर्ष, निवासी मुलचंद मार्ग, नीमच, थाना नीमच कैंट, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को नीमच से गिरफ्तार किया गया। उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका-
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी में नीमच सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया, उनकी पुलिस टीम एवं नीमच साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।