चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने जयपुर के जवाहर सर्किल थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे 5,000 के इनामी आरोपी युवराज सिंह को गिरफ्तार करवाया है। आरोपी मध्यप्रदेश के धार के पास एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करने की आड़ में फरारी काट रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिला विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में डीएसटी और जयपुर के जवाहर सर्किल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चार साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी युवराज सिंह को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवराज सिंह पुत्र पदम सिंह, निवासी धोरड़िया, नगरी, थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़, जयपुर के जवाहर सर्किल थाने में दर्ज धोखाधड़ी के प्रकरण में वांछित था। उस पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मध्यप्रदेश के धार के पास एक सीमेंट फैक्ट्री में काम कर रहा है और इसी की आड़ में अपनी पहचान छिपाकर फरारी काट रहा है।
सूचना के आधार पर डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार और कांस्टेबल कृष्णकांत से मिली जानकारी के बाद जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई की। संयुक्त प्रयासों से आरोपी को डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
संयुक्त कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल-
चित्तौड़गढ़ डीएसटी की टीम में एएसआई सूरज कुमार (प्रभारी), कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, मनोज और रमेश शामिल रहे। वहीं, जयपुर पूर्व के जवाहर सर्किल थाना पुलिस की टीम में एएसआई सेठाराम, हेड कांस्टेबल संजय राठौड़ तथा कांस्टेबल शैलेन्द्र, मुकेश और आशीष शामिल रहे।