भगवानपुरा। खरगोन जिले के भगवानपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 190 हरे गांजे के पौधे बरामद किए हैं। इनका कुल वजन 91 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 4 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिरवेल पुलिस चौकी क्षेत्र के वन इलाके में खापरजामली के समीप स्थित ग्राम जामनियापानी निवासी सेरका पिता नानछिया बारेला अपने खेत में मक्का और तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है।
सूचना के आधार पर भगवानपुरा थाना पुलिस और सिरवेल चौकी की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत में महुआ के पेड़ के पास गड्ढेनुमा स्थान पर गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस ने कुल 190 पौधे बरामद किए, जिनका वजन 91 किलोग्राम पाया गया। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 4 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी सेरका की खेत और मकान पर तलाश की, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 349/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
विशेष अभियान के तहत कार्रवाई-
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स के एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक खरगोन रविंद्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल और एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में भगवानपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणसिंह लौवंशी, सिरवेल चौकी प्रभारी निरीक्षक रामजीलाल डुडवे, सहायक उपनिरीक्षक नरसिंह मोरे, प्रधान आरक्षक मोतीलाल अश्के, सचिन पाटील, काशीराम पटेल, हिरालाल धनगर, भारत सोलंकी, आरक्षक जयपाल बघेल, शंकर जमरे, देवीसिंह वास्कले, संतोष डाबी सहित सैनिक शंकर का विशेष योगदान रहा।