गरोठ-भानपुरा। मंदसौर जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र में दो पिस्टल और 700 जिंदा कारतूस से जुड़े मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से, जबकि दूसरे को उज्जैन जिले के नागदा से गिरफ्तार किया है। मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला और चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी फरमान खान से मिली जानकारी के आधार पर दो टीमें गठित की गईं। एक टीम ने उत्तर प्रदेश के आगरा, फतेहपुर सीकरी और मैनपुरी में आरोपी की तलाश की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मैनपुरी निवासी दीपक उर्फ दीपू शर्मा (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
वहीं, दूसरी पुलिस टीम ने उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में तलाश करते हुए नागदा निवासी जुबेर खान (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जुबेर पर मामले में दो पिस्टल उपलब्ध कराने का आरोप है।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में हथियारों की आपूर्ति और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक उर्फ दीपू पिता स्वर्गीय स्वामी दयाल शर्मा, उम्र 41 वर्ष, निवासी कोतवाली थाना क्षेत्र, मैनपुरी, उत्तर प्रदेश। जुबेर पिता इब्राहिम खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी ईदगाह मस्जिद के पास, नागदा, जिला उज्जैन, मध्य प्रदेश।