नीमच। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार अलसुबह राज्यस्तरीय विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने नीमच पूर्व वृत्त के ग्राम किशनपुरिया, चढ़ोली, सेदरिया, मानपुरा और जैतपुरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 4 चालू भट्ठियां, 675 किलोग्राम महुआ लाहन और 23 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 73,250 रुपये बताई गई है।
आबकारी दल ने जंगलों, झाड़ियों, नदी-नालों और तालाबों के किनारे संचालित अवैध मदिरा निर्माण के संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया महुआ लाहन बरामद किया गया। टीम ने अवैध आसवन में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त कर महुआ लाहन को नियमानुसार नष्ट किया।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
यह कार्रवाई कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के निर्देशन और सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के मार्गदर्शन में की गई। टीम में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार कवारे, दीपक आंजना तथा आबकारी आरक्षक विष्णु यादव, विलास डगिया, बलवंत भाटी, निशा राजपूत और मधुमिता मालवीय शामिल रहे।
जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर रोक लगाने के लिए विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।