भोपाल। राजधानी भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र में करवाचौथ के दिन एक महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया। 44 वर्षीय आरती कुर्रे की मौत के मामले में पति से विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि करवाचौथ की तैयारियों के बीच ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद महिला अपने कमरे में चली गईं। कुछ समय बाद वह नीचे गिरी हुई मिलीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पार्लर जाने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरती करवाचौथ की पूजा और व्रत की तैयारियों के लिए ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थीं। इसी बात को लेकर पति से उनका विवाद हो गया था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। हालांकि, विवाद और मौत के बीच संबंध को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
मौके से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है— ‘थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो…’। घटना के समय घर में महिला के ससुर सो रहे थे, जबकि उनका 14 वर्षीय बेटा स्कूल गया हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, खिड़की का कांच तोड़कर कमरे में देखा गया, जहां महिला नीचे गिरी हुई मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि फंदे पर लटकने के दौरान दुपट्टा टूटने से वह नीचे गिर गई हों। मौत की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
अवधपुरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस सुसाइड नोट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।