शामगढ़। नगर के वार्ड नंबर 5 स्थित पंजाबी कॉलोनी में चार वर्षीय मासूम कृष्णपाल उर्फ बाबू की मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मामले में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की पर मासूम की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चॉकलेट को लेकर करीब 10 से 12 दिन पहले हुई डांट के बाद रंजिश की आशंका सामने आई है। मामले की जांच जारी है।
चॉकलेट को लेकर डांट के बाद रंजिश की आशंका-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 10 से 12 दिन पहले चॉकलेट को लेकर बाबू की मां ने पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की को डांट दिया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात को लेकर नाबालिग के मन में रंजिश पैदा हुई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे नाबालिग ने चॉकलेट देने के बहाने बाबू को अपने घर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद उसे पानी की होद में धकेल दिया गया और उसके ऊपर पत्थर रख दिया गया। इस घटना में मासूम की मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
तलाश के दौरान पानी की होद में मिला शव-
मासूम के लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान जानकारी सामने आई कि बाबू को आखिरी बार संबंधित नाबालिग के साथ देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने नाबालिग के घर की तलाशी ली, जहां पानी की होद से मासूम का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे बाल सुधार गृह, विदिशा भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था बाबू-
चार वर्षीय बाबू अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में मासूम की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद कॉलोनी के लोग भी स्तब्ध हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच-
थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र के अनुसार, मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। नाबालिग को न्यायालय में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की आगे जांच कर रही है।