मंदसौर। जिले में नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शामगढ़ थाना पुलिस ने डूंगरखेड़ी गांव में कथित नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 28 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुख्यालय भोपाल के अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा और सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने डूंगरखेड़ी गांव में दबिश दी।
पुलिस को आरोपियों कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह के घर के बाड़े में कथित तौर पर नकली दूध बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन को भी मौके पर बुलाया गया। खाद्य अधिकारी ने सामग्री के नमूने लिए, जिसके बाद पुलिस ने सामान जब्त किया।
मौके से क्या-क्या मिला?
पुलिस के मुताबिक, मौके से 25-25 किलोग्राम के मिल्क पाउडर के छह कट्टे, 15-15 लीटर वनस्पति के पांच डिब्बे, 14 खाली टीन, फिल्टर मिक्सर इलेक्ट्रॉनिक मशीन, गैस भट्ठी, गैस टंकी, यूरिया के चार कट्टे, डीप फ्रीजर, स्टील की कोठी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और पानी की मोटर जब्त की गई।
इसके अलावा 40 लीटर की एक प्लास्टिक केन में लिक्विड सोप, दूध भरने की 10 खाली केन और दूध की जांच करने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी मिलीं।
दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने कृष्णपाल सिंह पिता बद्री सिंह और शिवराज सिंह पिता बद्री सिंह, दोनों निवासी डूंगरखेड़ी, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 272, 274, 275 और 110 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय सहित शामगढ़ थाने की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जब्त सामग्री के नमूनों की जांच और आगे की विवेचना के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।