चित्तौड़गढ़। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ पुलिस ने दुर्ग क्षेत्र में ड्रोन पेट्रोलिंग की। निगरानी के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने मौके से मध्यप्रदेश नंबर की एक कार जब्त की। पुलिस के अनुसार, ड्रोन दिखाई देने पर मौके पर मौजूद व्यक्ति वहां से भाग गए।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग कर चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही है। ड्रोन पेट्रोलिंग के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।
दो उड़ानों में 72 मिनट तक हुई निगरानी-
कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस की ड्रोन पेट्रोलिंग टीम ने दो उड़ानें भरकर कुल 72 मिनट तक निगरानी की। इस दौरान ड्रोन ऑपरेटर कांस्टेबल आसिफ ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र, शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी।
पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस ने मौके से मध्यप्रदेश नंबर की एक कार जब्त की। ड्रोन दिखाई देने पर मौके पर मौजूद व्यक्तियों के भाग जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुर्ग और शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस द्वारा ड्रोन पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।