चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बेगूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी आरोपी श्रीलाल गुर्जर सहित दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 44.165 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत और बेगूं पुलिस उप अधीक्षक अंकित कुड़ी के सुपरविजन में बेगूं थानाधिकारी आरपीएस चम्पाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए इनामी आरोपी श्रीलाल गुर्जर और उसके सहयोगी वांछित आरोपी नवीन उर्फ लक्की बैरागी को गिरफ्तार किया।
स्विफ्ट कार से मिला था 44.165 किलो डोडाचूरा-
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को जोगणियामाता जी रोड पर एक स्विफ्ट कार से 44.165 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
आरोपी श्रीलाल गुर्जर की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चित्तौड़गढ़ की ओर से 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी-
श्रीलाल गुर्जर (24) पुत्र नाथूलाल गुर्जर, निवासी धाबाई जी का खेड़ा, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़। आरोपी पर 20 हजार का इनाम घोषित था।
नवीन उर्फ लक्की बैरागी (28) पुत्र कैलाशचंद्र बैरागी, निवासी कदवासा, थाना सिंगोली, जिला नीमच, मध्यप्रदेश।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल-
कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई सीताराम, कांस्टेबल मनोहर, सुमेरराम और कमलेश शामिल रहे।