नीमच। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), नीमच द्वारा धनेरिया रोड स्थित पटेल पब्लिक स्कूल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी प्रवेश जैन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
सरदार पटेल को किया नमन
कार्यक्रम की शुरुआत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और युवाओं ने एकता का संदेश देते हुए धनेरिया रोड पर ‘रन फॉर यूनिटी’ एवं ‘यूनिटी मार्च’ निकाली। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
राष्ट्रीय एकता विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने जिला युवा अधिकारी प्रवेश जैन एवं ‘मेरा युवा भारत’ की टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय का स्टाफ, युवा स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।