शाजापुर। जिले की कालापीपल पुलिस ने पशु चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई करीब 50 हजार रुपये कीमत की शंकर जर्सी गाय और वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 13 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप जब्त की है।
रात में मकान के बाहर से चोरी हुई थी गाय
मामला 25-26 सितंबर 2026 की रात का है। फरियादी अखिलेश तिवारी पिता घासीराम तिवारी, उम्र 30 वर्ष, निवासी बिसनखेड़ी ने 26 सितंबर को थाना कालापीपल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके कच्चे मकान में बंधी शंकर जर्सी गाय को अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गए हैं।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 509/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) और 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर एवं एसडीओपी निमेश देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 31 अक्टूबर 2026 को शुभम शर्मा पिता बेनीप्रसाद शर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी बिसनखेड़ी और दिनेश राने पिता शंकरलाल राने, उम्र 45 वर्ष, निवासी रामडी को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई गाय बरामद की गई। साथ ही घटना में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई।
थाना पुलिस और साइबर सेल की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण पाठक, उप निरीक्षक मुनेश्वर राम भगत, प्रधान आरक्षक विशाल पटेल, विवेक गोस्वामी, सतीश रावत सहित कालापीपल थाना पुलिस और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।