नीमच। सामाजिक एकता, भाईचारे और जरूरतमंद परिवारों की मदद की भावना के साथ शेख सैय्यद पठान वेलफेयर सोसायटी द्वारा उपनगर रावण रुंडी स्थित संबंध मैरिज गार्डन में निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में 7 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार शहर काजी ने सभी जोड़ों का निकाह संपन्न कराया।
इस अवसर पर सोसायटी की ओर से नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया गया। वहीं, समाजजनों ने भी नवविवाहित बेटियों को दहेज के रूप में सप्रेम उपहार भेंट किए।
आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च से राहत दिलाना और सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में उत्साह और खुशियों का माहौल देखने को मिला। सोसायटी की इस पहल ने समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया।