नीमच। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नीमच के टाउन हॉल में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की गौरवशाली विरासत, विकास यात्रा और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्तिपूर्ण गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं इतिहास को जीवंत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत और मध्यप्रदेश गान से हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
चीता परियोजना से पर्यटन विकास को मिलेगी नई दिशा-
सांसद सुधीर गुप्ता ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने पिछले दो दशकों में विकास की लंबी यात्रा तय की है। वर्ष 2003-04 में करीब 22 हजार करोड़ रुपये का बजट आज बढ़कर 4 लाख 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश कृषि, शिक्षा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। नीमच जिले में प्रस्तावित करीब 65 हजार करोड़ रुपये की परमाणु ऊर्जा परियोजना, गांधीसागर क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन की संभावनाएं और चीता परियोजना से पर्यटन विकास को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से सशक्त बनेगा प्रदेश-
जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मध्यप्रदेश समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विविधताओं से परिपूर्ण है। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में आईएसओ प्रमाणन की पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शिक्षा और सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, स्वास्थ्य परीक्षण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सड़क, बिजली, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार-
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि एक नवंबर 1956 को गठित मध्यप्रदेश ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2003 के बाद सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। नीमच में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज तथा गांधीसागर का पानी गांवों तक पहुंचाने के प्रयास महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने नीमच-जावद सिंचाई परियोजना से किसानों को मिलने वाले लाभ का भी उल्लेख किया और नागरिकों से प्रदेश की प्रगति में सहभागी बनने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक विविधता और विरासत प्रदेश की पहचान-
मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। मालवा, निमाड़, बघेलखंड और महाकौशल की विविध संस्कृतियां इसकी विशिष्ट पहचान हैं। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, बाबा महाकाल, संत रविदास, रानी दुर्गावती और अहिल्याबाई होलकर जैसी महान विभूतियों की विरासत प्रदेश का गौरव है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं और मेधावी विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत-
समारोह में मध्यप्रदेश शासन के वीर भारत न्यास एवं संस्कृति विभाग द्वारा कृषि लोकोत्सव-2026 के तहत आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता के जिला स्तरीय विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त युगल गरासिया को ट्रैक्टर क्रय के लिए 7 लाख 26 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त भुवर सिंह तोमर को बुलेट क्रय के लिए 1 लाख 68 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त चंद्रप्रकाश धनगर को इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के चयनित विद्यार्थी आदित्यराज सिंह और जया को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट विद्यालयों का सम्मान-
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच ने प्रथम, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय तथा संदीपनी विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त विद्यालय को विधायक दिलीपसिंह परिहार की ओर से 11 हजार रुपये तथा द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यालयों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन-
समारोह स्थल पर महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी और उद्योग सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं, विकास गतिविधियों और उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गईं। अतिथियों ने इनका अवलोकन कर विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
यह रहे मौजूद-
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अपर कलेक्टर बीएस कलेश, एसडीएम पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयड़िया, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, समाजसेवी, लोकतंत्र सेनानी, पत्रकार, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर ने किया।